रायपुर। राजधानी में दो अलग-अलग मामलों में साइबर ठगों ने दो युवतियों से मिलकर 28 लाख रुपए से अधिक की ठगी कर ली। एक केस में आरोपी ने खुद को यूके का डॉक्टर बताकर शादी का भरोसा दिलाया और लाखों रुपए ऐंठ लिए, वहीं दूसरे मामले में युवती को ऑनलाइन टॉस्क से कमाई का लालच देकर धोखाधड़ी की गई।
पहला मामला – मैट्रीमोनी साइट से दोस्ती, फिर 18 लाख की ठगी
खम्हारडीह क्षेत्र की एक युवती ने मैट्रीमोनी वेबसाइट पर प्रोफ़ाइल बनाई थी। यहां उसकी पहचान शिवा कुमार सुरेंद्र नाम के शख्स से हुई, जिसने खुद को ब्रिटेन का डॉक्टर बताया। बातचीत बढ़ने के बाद उसने युवती को शादी का प्रस्ताव दिया।
कुछ दिनों बाद उसने कॉल कर कहा कि वह भारत आ चुका है और दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने उसका वीजा, मोबाइल व लगेज जब्त कर लिया है। छुड़ाने के लिए जुर्माना और अन्य शुल्क मांगे जा रहे हैं।
युवती ने भरोसा कर 19 से 29 मई के बीच अलग-अलग खातों में 18 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का पता चलने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दूसरा मामला – टेलीग्राम ग्रुप के जरिए 10 लाख की ठगी
सिविल लाइन इलाके की 26 वर्षीय युवती का मोबाइल नंबर अज्ञात व्यक्ति ने एक टेलीग्राम ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया। यहां मैसेज के जरिए बताया गया कि छोटे-छोटे टॉस्क पूरे करने पर पैसे मिलेंगे।
शुरुआत में युवती ने 200 रुपए और फिर 3600 रुपए का भुगतान पाकर भरोसा कर लिया। इसके बाद ठगों ने उसे ब्लैक रॉक वेबसाइट पर आईडी बनाने के लिए 1800 रुपए मांगे। धीरे-धीरे युवती ने झांसे में आकर विभिन्न खातों में 10 लाख 85 हजार रुपए जमा कर दिए।
लेकिन तय रिटर्न नहीं मिला और ठगी का अहसास होने पर उसने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने दोनों ही मामलों में अपराध दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।