रायपुर की एक महिला यात्री के साथ समता एक्सप्रेस में बड़ी चोरी की वारदात हो गई। दिल्ली से रायपुर आ रही इस महिला का लाखों के गहनों से भरा बैग ट्रेन के नागपुर और गोंदिया स्टेशन के बीच में चोरी हो गया। महिला को चोरी का पता दुर्ग स्टेशन से कुछ ही मिनट पहले चला, जब वह नींद से जागी।
क्या है मामला?
रायपुर के शंकर नगर की रहने वाली अनामिका वर्मा, पति श्याम वर्मा के साथ, 16 अगस्त को ट्रेन संख्या 12808 समता एक्सप्रेस में सफर कर रही थीं। वे निजामुद्दीन से रायपुर लौट रही थीं और उनका आरक्षण S-3 कोच की बर्थ नंबर 21 पर था। अनामिका ने अपना ब्राउन कलर का लेडीज हैंडबैग सिर के नीचे रखकर सोने के लिए लेट गईं। ट्रेन जब नागपुर से रवाना हुई, तब वे गहरी नींद में थीं।
दुर्ग स्टेशन से पहले जागी महिला, बैग गायब
ट्रेन जब दुर्ग स्टेशन से लगभग 10-15 मिनट की दूरी पर थी, तब सामने बैठे यात्रियों के बच्चों की आवाज सुनकर अनामिका की नींद खुली। जैसे ही उन्होंने देखा, उनका बैग गायब था। आसपास बैठे यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने कोई संदिग्ध नहीं देखा। संदेह जताया जा रहा है कि चोरी की यह घटना नागपुर और गोंदिया स्टेशन के बीच में हुई।
बैग में थे लाखों के जेवरात
पीड़िता के अनुसार, बैग में 75.180 ग्राम का गोल्ड नेकलेस, 45.345 ग्राम का कड़ा और 10 ग्राम का मंगलसूत्र था। गहनों की कुल कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई गई है।
मामले की जांच जारी
रायपुर जीआरपी में FIR दर्ज कर ली गई है। चूंकि घटना नागपुर-गोंदिया के बीच हुई, इसलिए केस की डायरी गोंदिया जीआरपी को भेज दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।