रायपुर, 18 अगस्त। राजधानी रायपुर एक बार फिर सुरों के सबसे बड़े शाम-ए-महफिल ‘साउंड ऑफ सोल’ की मेज़बानी करने जा रही है। इस बार सीजन-3 खासतौर पर देश के वीर सैनिकों और सुरक्षा बलों को समर्पित है। 24 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक रूप कुमार राठौड़ अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति देंगे।
कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें रूप कुमार राठौड़ के साथ उनकी धर्मपत्नी और सुप्रसिद्ध ग़ज़ल गायिका सुनाली राठौड़ भी मंच साझा करेंगी। संगीत के जरिए दोनों कलाकार देश के जवानों को सलामी देंगे और वीरता को सुरों में पिरोकर दर्शकों के दिलों में देशभक्ति का संचार करेंगे।
राठौड़ ने अपने करियर में कई कालजयी गीत दिए हैं, जो आज भी लोगों की जुबां पर हैं। इनमें ‘संदेसे आते हैं’ (बॉर्डर), ‘तो चलूं’, ‘जिंदगी मौत न बन जाए’ (सरफरोश), ‘तेरे लिए हम हैं जिए’ (वीर ज़ारा), ‘मौला मेरे मौला’ (अनवर) जैसे गीत प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के आयोजक अली खां रूमानी ने बताया कि यह एक चैरिटी प्रोग्राम है। इसके जरिए CSR फंडिंग से सेना व सुरक्षा बलों के लिए सहयोग जुटाया जाएगा। टिकट ‘बुक माय शो’ ऐप पर उपलब्ध हैं। साथ ही, CSR के माध्यम से कंपनियां और इच्छुक दर्शक इस आयोजन का हिस्सा बन सकते हैं।
‘साउंड ऑफ सोल’ केवल एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि वीर जवानों को सुरों के जरिए सम्मान देने की एक अनोखी पहल है। रायपुर इस शाम देशभक्ति और संगीत के संगम का गवाह बनने जा रहा है।