Home Chhattisgarh news रायपुर में नशेड़ियों का आतंक: युवक को घर से घसीटकर बेरहमी से हत्या, मोहल्ले वाले देखते रह गए

रायपुर में नशेड़ियों का आतंक: युवक को घर से घसीटकर बेरहमी से हत्या, मोहल्ले वाले देखते रह गए

0
रायपुर में नशेड़ियों का आतंक: युवक को घर से घसीटकर बेरहमी से हत्या, मोहल्ले वाले देखते रह गए

रायपुर। राजधानी में चाकूबाज और नशेड़ियों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। डीडी नगर इलाके में बदमाशों ने एक युवक को घर से बाहर घसीटकर चाकुओं से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावरों की बेरहमी साफ नजर आ रही है।

घर से घसीटकर किया हमला

पुलिस के अनुसार, चंगोराभाठा के पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास रहने वाला सोमनाथ यादव 13 अगस्त की रात अपने घर पर था। रात करीब 11 बजे 4–5 युवक वहां पहुंचे और जबरन उसे बाहर खींचकर ले गए। गली में ले जाकर आरोपियों ने उस पर हाथ-मुक्कों और चाकू से हमला किया। लगातार वार से सोमनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन उसे तुरंत एस अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हमले में उसके दाहिने पैर की नस कट गई थी, जिससे लगातार खून बहता रहा और उसकी जान नहीं बच सकी।

हत्या की वजह स्पष्ट नहीं

डीडी नगर थाना प्रभारी एसएन सिंह के मुताबिक, मृतक और आरोपी आपस में दोस्त थे। प्राथमिक जांच में मोबाइल फोन को लेकर विवाद की बात सामने आई है, हालांकि असली वजह की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

एक हफ्ते में दूसरी हत्या

सप्ताहभर के भीतर यह दूसरी वारदात है। इससे पहले 9 अगस्त को चंगोराभाठा में पिज्जा डिलीवर करने पहुंचे हेमंत कोठारी की बाइक एक युवक से टकरा गई थी। मामूली विवाद के बाद आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। उस मामले में आरोपी जेल भेजा जा चुका है।

हत्या का बढ़ता ग्राफ

आंकड़ों पर नजर डालें तो रायपुर में हत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। 2023 में जहां 63 हत्याएं हुई थीं, वहीं 2024 में यह संख्या 78 तक पहुंच गई। इस साल अब तक 40 से ज्यादा मर्डर हो चुके हैं।

मोहल्ले वाले बने रहे दर्शक

सोमनाथ पर हुए हमले का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें दिख रहा है कि बदमाश उसे घर से खींचकर बाहर निकालते हैं और चाकू से ताबड़तोड़ वार करते हैं। वहीं मोहल्ले में मौजूद लोग घटना देखते रहे लेकिन किसी ने बीच-बचाव की हिम्मत नहीं जुटाई।