बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के अरपा नदी में मछली पकड़ने गया एक युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। 24 घंटे तक चली रेस्क्यू कार्रवाई के बाद एसडीआरएफ की टीम ने उसका शव बरामद किया। हादसा उस वक्त हुआ जब अरपा बैराज और भैंसाझार का गेट अचानक खोल दिया गया, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया।
ग्राम लावर निवासी नकुल केवट (44) गुरुवार दोपहर अरपा नदी में मछली पकड़ने गया था। वह जाल डालकर मछली निकाल ही रहा था कि पानी का स्तर अचानक बढ़ने से वह बह गया। काफी देर तक घर न लौटने पर गांव वालों ने तलाश शुरू की और फिर परिजनों व पुलिस को सूचना दी।
गेट खुलते ही बढ़ा जलस्तर
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों बारिश थमने के बाद नदी का जलस्तर घट गया था। इसी बीच जल संसाधन विभाग ने बैराज का गेट बंद कर दिया था, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया। गुरुवार को अचानक गेट खोले जाने से नदी में जलस्तर बढ़ा और तेज बहाव आ गया। इसी के चलते नकुल हादसे का शिकार हो गया।
24 घंटे बाद मिला शव
घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन रात हो जाने के कारण खोजबीन रोकनी पड़ी। शुक्रवार को टीम ने फिर से तलाश शुरू की और घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर शव बरामद किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग दर्ज कर जांच जारी है।