रायपुर के खम्हारडीह इलाके में रविवार रात कार पार्किंग को लेकर कांग्रेस नेताओं और एक रेस्टोरेंट संचालक के बीच विवाद गहराने से मारपीट की नौबत आ गई। झगड़े में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपा बग्गा के बेटे प्रियेश बग्गा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि रेस्टोरेंट संचालक सनी रिजवानी और उनके स्टाफ का कांग्रेस नेता प्रियेश बग्गा, प्रवक्ता सार्थक शर्मा, टंडन डेयरी संचालक मोलू टंडन व राजीव से विवाद हो गया। कहा जा रहा है कि पार्किंग को लेकर शुरू हुई बहस हाथापाई में बदल गई।
प्रियेश बग्गा और उनके साथी युवकों ने आरोप लगाया कि उन्हें घसीटकर पीटा गया, सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ितों का कहना है कि डंडों, बल्लों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। घायल प्रियेश और राजीव को विद्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
झगड़े के दौरान रेस्टोरेंट संचालक ने गुस्से में हमलावरों की कार पर भी डंडे से वार कर शीशा तोड़ दिया। वहीं, प्रियेश के साथ मौजूद अन्य साथी मौके से भाग निकले।
सूचना मिलने पर खम्हारडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों से मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल पक्ष का आरोप है कि उन पर हुए हमले के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कड़ा एक्शन नहीं लिया गया।