Home Chhattisgarh news Bilaspur news बिलासपुर में गैंगवार और चाकूबाजी की वारदातें जारी: युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर में गैंगवार और चाकूबाजी की वारदातें जारी: युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

0
बिलासपुर में गैंगवार और चाकूबाजी की वारदातें जारी: युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चाकूबाजी और गैंगवार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गुरुवार देर रात तोरवा थाना क्षेत्र में एक आदतन अपराधी इस्माइल खान और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर युवक राहुल गोस्वामी पर बेसबॉल बैट, डंडे और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राहुल को जिला अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों इस्माइल खान, अमन, गुलशन, अभय चौहान, रिजवान, सम्मी खान, इमरान और कुणाल के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुरानी रंजिश बनी वजह

जानकारी के अनुसार टिकरापारा निवासी राहुल गोस्वामी और सिरगिट्टी के बदमाश इस्माइल खान के बीच पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार रात राहुल अपने साथी के साथ तितली चौक पहुंचा था, तभी इस्माइल अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला बोल दिया। हमलावरों ने राहुल और उसके दोस्त से मारपीट करने के बाद उनकी बाइक और नकदी भी लूट ली।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और हंगामा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंच गए। इस दौरान थाने में तनाव की स्थिति बनी रही।

सरकंडा में भी युवक पर हमला

इधर सरकंडा थाना क्षेत्र में भी चाकूबाजी की एक और वारदात सामने आई। अशोक नगर निवासी चिंटू साहू पर मोहल्ले के ही प्रमोद साहू और उसके परिवार ने विवाद के बाद हमला कर दिया। झगड़े के दौरान प्रमोद ने घर से सब्जी छीलने वाली छिलनी निकालकर चिंटू के पेट में घोंप दी। गंभीर हालत में चिंटू को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी प्रमोद, उसके भाई प्रदीप और पिता सिद्धराम को गिरफ्तार कर लिया है।

सिविल लाइन में दो पक्षों में भिड़ंत, सात गिरफ्तार

वहीं, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मिशन अस्पताल परिसर में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक-दूसरे पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। पुलिस ने स्थिति को काबू में करते हुए दोनों पक्षों के सात लोगों को गिरफ्तार किया है।

हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद वारदातें जारी

गौरतलब है कि पिछले सात महीनों में शहर में 120 चाकूबाजी और 7 हत्याएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं पर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया था, लेकिन इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।