छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गुरुवार रात एक पुलिस अधिकारी पर जानलेवा हमला हुआ। कुम्हारी थाना क्षेत्र में हाईवे ढाबा के पास ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुशील पांडे सड़क पर खड़े एक ट्रक को हटाने पहुंचे थे। इस दौरान ट्रक चालक महेश बागड़े ने अचानक लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया।
घायल एएसआई को तत्काल कुम्हारी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया और प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रायपुर रेफर किया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी आरोपी ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि विवाद गलत तरीके से खड़े ट्रक को हटाने की बात पर हुआ। वहीं, गृह मंत्री विजय शर्मा ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद हाईवे पेट्रोलिंग और रात की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
भिलाई में दो आरोपी पकड़े गए
सुपेला थाना पुलिस ने भिलाई में दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहले मामले में राधिका नगर के आर.के. मैदान से उत्तम सोनी (26) को चाकू के साथ पकड़ा गया, जो लोगों को धमकाने की कोशिश कर रहा था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दूसरे मामले में पुलिस ने राजेश उर्फ राजा चक्रवर्ती को मोबाइल लूट के आरोप में गिरफ्तार किया। उसने 13 अगस्त की शाम घड़ी चौक, सुपेला में एक युवक से मोबाइल छीना था। आरोपी को चन्द्रा-मौर्या टाकीज के पास से पकड़ा गया और उसके पास से लूटा गया मोबाइल और मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।