छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मोबाइल गेम की लत एक दर्दनाक वारदात में बदल गई। रतनपुर थाना क्षेत्र के भरारी गांव में 15 दिनों से लापता आठवीं कक्षा के छात्र चिन्मय सूर्यवंशी (13) का शव गुरुवार को गांव के बंद पड़े पुराने स्कूल में क्षत-विक्षत हालत में मिला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि उसकी हत्या उसी के दोस्त, 19 वर्षीय छत्रपाल सूर्यवंशी ने की थी।

जानकारी के मुताबिक, दोनों को मोबाइल पर गेम खेलने की आदत थी। कुछ समय पहले छत्रपाल के घरवालों ने उसका मोबाइल ले लिया था। इसके बाद वह चिन्मय से मोबाइल मांगने लगा, लेकिन चिन्मय ने देने से मना कर दिया। इसी बात पर गुस्से में आकर छत्रपाल ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को सुनसान पड़े स्कूल भवन में छिपा दिया।

चिन्मय 31 जुलाई की शाम घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे, थाने और एसपी ऑफिस के चक्कर लगाए, पंपलेट छपवाकर आसपास के गांवों में चस्पा किए और जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए का इनाम भी घोषित किया।

14 अगस्त को गांव के कुछ लोगों को पुराने स्कूल से तेज बदबू आने पर शक हुआ। दरवाजा खोलने पर शव दिखाई दिया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड की टीम ने सबूत जुटाए।

पूछताछ में छत्रपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने मृतक का मोबाइल भी आरोपी के पास से बरामद किया है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों के बीच गेम खेलने के लिए मोबाइल को लेकर विवाद हुआ, जो हत्या तक पहुंच गया।
पुराना स्कूल भवन करीब 10 महीने से बंद था, क्योंकि गांव में नया स्कूल बन जाने के बाद यहां की कक्षाएं दूसरी इमारत में शिफ्ट हो गई थीं। यही जगह आरोपी ने शव छिपाने के लिए चुनी।