Home Chhattisgarh news सीएम साय ने धरमजयगढ़ को दी 100 करोड़ की सौगात: धर्मांतरण पर जताई सख्ती, कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

सीएम साय ने धरमजयगढ़ को दी 100 करोड़ की सौगात: धर्मांतरण पर जताई सख्ती, कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

0
सीएम साय ने धरमजयगढ़ को दी 100 करोड़ की सौगात: धर्मांतरण पर जताई सख्ती, कई विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ दौरे में क्षेत्र को 100 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। यह कार्यक्रम स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर आयोजित संस्कृति रक्षा महासम्मेलन और अभिनंदन समारोह के अवसर पर हुआ।

साय ने इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत कई परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रभल प्रताप समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उन्होंने दिलीप सिंह जूदेव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने 20 साल तक उनके साथ राजनीति की और धर्मांतरण के खिलाफ उनके कार्यों के लिए लोग आज भी उन्हें याद करते हैं।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जबरदस्ती या प्रलोभन देकर धर्मांतरण करना अनुचित है। देश धर्मनिरपेक्ष है और इस तरह की गतिविधियां बंद होनी चाहिए। उन्होंने जूदेव को ‘घर वापसी’ अभियान का अग्रदूत बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 20 महीनों में प्रदेश सरकार ने अपने सभी वादे पूरे किए हैं, जिनमें महतारी वंदन योजना, किसानों को ₹3,100 धान बोनस और 18 लाख आवासों की स्वीकृति जैसी योजनाएं शामिल हैं।

मुख्य घोषणाएं

  • विभिन्न पंचायतों में विकास कार्यों के लिए ₹50 करोड़ की स्वीकृति

  • धरमजयगढ़ ओंगना से पोटिया मार्ग और खड़गांव से क्रोन्धा मार्ग पर सरिया नदी पर पुलिया निर्माण

  • ₹50 करोड़ की लागत से 132 केवी विद्युत स्टेशन की स्थापना

  • नगर पंचायत धरमजयगढ़ में ₹10 करोड़ से अधिक के कार्य, जिनमें गौरवपथ निर्माण के लिए ₹5.94 करोड़, वार्ड 9 दीपनगर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए ₹2.93 करोड़ और वार्ड 10 नराईटिकरा में नेहरू गार्डन विस्तार एवं जीर्णोद्धार के लिए ₹2 करोड़

  • छाल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत करना

  • अंबेटिकरा मंदिर के जीर्णोद्धार की घोषणा

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 45 विकास कार्यों का लोकार्पण और 70 कार्यों के लिए ₹19.36 करोड़ की लागत से भूमिपूजन भी किया।