दुर्ग जिले की खारुन नदी में बुधवार को एक और दर्दनाक हादसा हुआ। रायपुर से दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए 15 वर्षीय किशोर की नहाते समय तेज बहाव में डूबने से मौत हो गई। घटना अमलेश्वर थाना क्षेत्र के घुघवा जमराव एनीकेट के पास हुई, जहां कुछ ही दिनों में यह तीसरी मौत है।
पुलिस प्रवक्ता पद्मश्री तंवर ने बताया कि मृतक का नाम गिरीश शरणागत था, जो रायपुर के सत्यम विहार कॉलोनी में रहता था। वह बुधवार दोपहर अपने तीन दोस्तों—राहुल राव, आयुष भगत और हिमेश देवांगन—के साथ सात पाखर एनीकेट पिकनिक मनाने पहुंचा था।
नदी में नहाने के दौरान गिरीश और उसका एक दोस्त अचानक तेज बहाव में बह गए। बाकी दोस्तों ने तुरंत बचाने की कोशिश की और एक युवक को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन गिरीश गहरे भंवर में फंस गया। सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
कड़ी मशक्कत के बाद गिरीश का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पाटन मॉर्चुरी भेजा, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर 20 दिन पहले भी दो युवकों की डूबने से मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत है और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से यहां नहाने पर प्रतिबंध लगाने व सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी-नालों में नहाने से बचें, क्योंकि पानी का बहाव और गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है, जिससे जान का खतरा बढ़ जाता है।