Home Chhattisgarh news रायगढ़ में अंबेडकर आवास की जर्जर दीवार गिरी, बच्ची की जान बची

रायगढ़ में अंबेडकर आवास की जर्जर दीवार गिरी, बच्ची की जान बची

0
रायगढ़ में अंबेडकर आवास की जर्जर दीवार गिरी, बच्ची की जान बची

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में वार्ड नंबर 24, आईटीआई कॉलोनी के पास बने अंबेडकर आवास में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। बिल्डिंग की ऊपरी मंजिल की बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर पड़ी, लेकिन नीचे मौजूद एक बच्ची बाल-बाल बच गई।

घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और नगर निगम को सूचना दी। गिरती दीवार की चपेट में आने से बिजली के तार भी टूट गए, जिससे आसपास की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब 17 साल पहले बने इस आवासीय परिसर में 200 से 300 मकान हैं, जिनमें ज्यादातर अब जर्जर हालत में पहुंच चुके हैं। खासकर ऊपरी मंजिल के मकानों की स्थिति बेहद खराब है। बरसात के दिनों में घरों के भीतर पानी टपकने से लोग तिरपाल लगाकर रहने को मजबूर हैं।

इससे पहले भी यहां बारिश के दौरान ऊपरी मंजिल की एक दीवार गिर चुकी है। सौभाग्य से उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। लोगों का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारियों को स्थिति की पूरी जानकारी है, लेकिन अब तक कोई मरम्मत या पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है।

स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।