HomeChhattisgarh newsBilaspur newsबिलासपुर में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने तीन गायों को मारी टक्कर: एक की मौत, दो घायल, एक माह में 60 से ज्यादा मवेशियों की जान गई
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मवेशियों की सड़क हादसों में मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर शाम रतनपुर में एक तेज रफ्तार काले रंग की स्कार्पियो (CG 10 AR 0333) ने सड़क किनारे बैठे तीन गायों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक गाय को करीब 30 फीट तक घसीटते हुए ले जाया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिद्धिविनायक मंदिर के पास यह हादसा उस समय हुआ जब स्कार्पियो बिलासपुर से रतनपुर की ओर तेज रफ्तार से आ रही थी। गाड़ी की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि ड्राइवर मवेशियों को देख भी नहीं सका और सीधी टक्कर मार दी।
पिछले एक महीने में जिले में 60 से ज्यादा मवेशियों की जान सड़क हादसों में जा चुकी है। हाल ही में रतनपुर के बारीडीह इलाके में एक ट्रक ने करीब 20 मवेशियों को कुचल दिया था, जिसमें 14 की मौत हो गई थी। इसके अलावा 14 जुलाई को एक अन्य हादसे में तेज रफ्तार वाहन ने 22 गायों को टक्कर मार दी थी, जिससे 17 की मौत हो गई थी।
हालांकि हाईकोर्ट ने सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने के निर्देश राज्य सरकार को पहले ही दे दिए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात नहीं बदले हैं। प्रशासन का दावा है कि मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट लगाए जा रहे हैं और उन्हें सड़क पर छोड़ने वाले मालिकों पर एफआईआर की जा रही है, मगर नेशनल और स्टेट हाईवे के साथ शहर की सड़कों पर भी मवेशियों का जमावड़ा अब भी बना हुआ है।
लगातार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन की लापरवाही और कार्रवाई की कमजोरी को उजागर कर दिया है।