Home Chhattisgarh news रायपुर कोर्ट में वकील को धमकाने पर पिटाई, वीडियो वायरल

रायपुर कोर्ट में वकील को धमकाने पर पिटाई, वीडियो वायरल

0
रायपुर कोर्ट में वकील को धमकाने पर पिटाई, वीडियो वायरल

रायपुर जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को एक वकील को धमकाने और गाली-गलौज करने पर वकीलों ने दो युवकों की पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपियों को कोर्ट परिसर स्थित पुलिस चौकी में सौंप दिया गया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

सिविल लाइन थाना प्रभारी दीपक पासवान ने बताया कि आरोपी विजय घृत लहरे और ललित कुर्रे, वकील विशाल से अपने केस को लेकर बातचीत करने आए थे। चर्चा के दौरान किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ते ही दोनों युवक वकील से गाली-गलौज करने लगे और धमकी देने लगे।

पास में मौजूद अन्य वकीलों ने यह सुना तो वे मौके पर पहुंच गए। वकीलों ने युवकों के व्यवहार पर नाराजगी जताई और मिलकर उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपियों को कोर्ट परिसर की पुलिस चौकी में ले जाकर सौंप दिया गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की है।

वकील संघ के अध्यक्ष हितेंद्र तिवारी ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर में वकील को धमकाना और अभद्र भाषा का प्रयोग करना कानून व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। तिवारी ने पुलिस और प्रशासन से कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा को लेकर बहस छिड़ गई है। वकील समुदाय का कहना है कि कोर्ट जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा चूक से किसी भी समय बड़ी वारदात हो सकती है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और भविष्य में ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।