Home Chhattisgarh news Raipur news रायपुर: एमसीएक्स में 13 लाख गंवाने पर कारोबारी ने गढ़ी लूट की कहानी

रायपुर: एमसीएक्स में 13 लाख गंवाने पर कारोबारी ने गढ़ी लूट की कहानी

0
रायपुर: एमसीएक्स में 13 लाख गंवाने पर कारोबारी ने गढ़ी लूट की कहानी

रायपुर में सोमवार को सामने आई 15 लाख रुपए की कथित लूट की घटना जांच में फर्जी निकली। पुलिस ने बताया कि कांपा-डब्ल्यूआरएस रोड निवासी बोरवेल कारोबारी चिराग जैन ने मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (एमसीएक्स) में 13 लाख रुपए निवेश किए थे, जो पूरी तरह डूब गए। इस बीच उसे ओडिशा के एक कारोबारी को 15 लाख रुपए लौटाने थे, जो वह नुकसान के कारण वापस नहीं करना चाहता था।

बताया गया कि ओडिशा का कारोबारी लगातार चिराग से पैसे की मांग कर रहा था। दबाव से बचने के लिए चिराग ने लूट का नाटक रचने की योजना बनाई। उसने खुद ही अपने मोबाइल को फेंक दिया और गले पर चाकू से हल्की चोट पहुंचाई, ताकि कहानी सच लगे। इसके बाद उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी कि दो अज्ञात बदमाशों ने उससे 15 लाख रुपए लूट लिए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन किसी संदिग्ध व्यक्ति का पता नहीं चला। न कोई पीछा करता दिखा, न ही संदिग्ध मोबाइल नंबर मिला। इन परिस्थितियों में पुलिस को घटना पर संदेह हुआ। रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र पांच घंटे बाद ही पुलिस ने चिराग को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। आखिरकार वह टूट गया और फर्जी लूट की योजना कबूल कर ली।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि चिराग वालफोर्ट का रहने वाला है और उसकी बोरवेल पार्ट्स सप्लाई की दुकानें देवेंद्र नगर और स्टेशन रोड पर हैं। वह देवेंद्र नगर स्थित दुकान संभालता है। पुलिस अब उसके खिलाफ कोर्ट में फर्जी रिपोर्ट और झूठी लूट की सूचना देने का इस्तगासा पेश करेगी। कोर्ट के आदेश के बाद उसके खिलाफ औपचारिक केस दर्ज किया जाएगा।

यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि आर्थिक नुकसान से बचने के लिए झूठी कहानियां गढ़ने पर कानून सख्त कार्रवाई करता है।