Home Chhattisgarh news रायपुर में बैंक से 17.52 लाख की ऑनलाइन ठगी, मैनेजर फर्जी लेटरपैड के झांसे में आया

रायपुर में बैंक से 17.52 लाख की ऑनलाइन ठगी, मैनेजर फर्जी लेटरपैड के झांसे में आया

0
रायपुर में बैंक से 17.52 लाख की ऑनलाइन ठगी, मैनेजर फर्जी लेटरपैड के झांसे में आया

राजधानी रायपुर में ऑनलाइन बैंक फ्रॉड का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसे संभवतः शहर में इस तरह की पहली बड़ी ठगी माना जा रहा है। रामसागरपारा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से ठगों ने 17.52 लाख रुपये उड़ा लिए।

जानकारी के मुताबिक, शाखा के वर्तमान मैनेजर आशुतोष कुमार, जो झारखंड के गिरिडीह के निवासी हैं, को 8 अगस्त को एक कॉल आया। कॉल करने वाला खुद को बैंक के पूर्व मैनेजर कार्तिक राउत बता रहा था। उसने आशुतोष को बताया कि “कृष्णा बिल्डर्स” के डायरेक्टर सुनील तापड़िया पुराने और भरोसेमंद ग्राहक हैं, जिनका नियमित ट्रांजेक्शन होता रहता है। कार्तिक ने कहा कि सुनील जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे और उनकी मदद करना।

11 अगस्त को आशुतोष को सुनील तापड़िया के नाम से फोन आया। कॉल करने वाले ने बताया कि वह रजिस्ट्री ऑफिस में है और बैंक नहीं आ पाएगा। उसने व्हाट्सएप पर “कृष्णा बिल्डर्स” के लेटरपैड पर तैयार एनईएफटी डिटेल भेजी और अनुरोध किया कि उसमें दिए खाते—जो राजस्थान के सरफराज अंसारी का था—में 17.52 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए जाएं। लेटरपैड को असली मानते हुए बैंक की ओर से तुरंत ट्रांजेक्शन कर दिया गया।

पैसे भेजने के लगभग 15 मिनट बाद असली सुनील तापड़िया का फोन आया, तब जाकर ठगी का अहसास हुआ। जांच में पता चला कि ठगों ने इंटरनेट पर खोजकर बैंक के पूर्व मैनेजर कार्तिक का असली नंबर प्राप्त किया और पहले उन्हें कॉल किया। कार्तिक, ठगों की पहचान न कर सके और नए मैनेजर को उनके कहे अनुसार जानकारी दे दी। इसी का फायदा उठाकर अपराधियों ने रकम अपने खाते में मंगवा ली।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ठगों के ठिकाने और उनकी पहचान की तलाश जारी है।