राजेंद्र नगर पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर जमीन और कैश रिटर्न देने का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक शातिर को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम अभिलाष मसीह है, जबकि उसका फरार साथी प्रवीण मसीह अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है।

शिकायत 3 अगस्त को न्यू राजेंद्र नगर थाने में दवा व्यापारी भागीरथी यादव ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके परिचित जीवन लाल और चंद्रकांत साहू की मुलाकात अगस्त 2024 में आरोपियों से हुई थी। आरोपियों ने 5 लाख रुपए निवेश करने पर 1000 वर्ग फीट जमीन और हर महीने 6 लाख रुपए कैश बैक देने का झांसा दिया था। लेकिन तय समय आने पर न तो जमीन दी गई और न ही पैसा लौटाया गया।
जब पीड़ितों ने रकम और दस्तावेज वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल की और बाद में अपना ऑफिस ही बंद कर दिया। इसके बाद अन्य पीड़ित भी सामने आए और पता चला कि करीब एक दर्जन लोगों से मिलाकर लगभग 1 करोड़ रुपए ठगे गए हैं।
सभी पीड़ित एक साथ थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जांच में आरोप पुख्ता होने पर अभिलाष मसीह को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका पार्टनर प्रवीण मसीह फरार है और उसकी तलाश जारी है।
पीड़ितों और ठगी गई राशि
-
नेमीन साहू – ₹15 लाख
-
मनीष कुमार साहू – ₹19.25 लाख
-
जीवन साहू – ₹12 लाख
-
महेश्वर निषाद – ₹24 लाख
-
कुलदीपक – ₹3 लाख
-
इन्द्र कुमार – ₹5 लाख
-
भीखम प्रसाद साहू – ₹5 लाख
-
उत्तम यादव – ₹1.5 लाख
-
टुकेश्वर निषाद – ₹15 लाख
-
डिगम्बर पाल – ₹6.5 लाख
-
जयेश वरू – ₹5 लाख
कुल ठगी की रकम लगभग 1 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।