छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने अपने “संगठन सृजन” अभियान से ब्लॉक अध्यक्षों को फिलहाल अलग रखा है। पार्टी की योजना के तहत बूथ, सेक्टर और मंडल कमेटियों का गठन जल्द पूरा किया जाएगा। इसके बाद सभी 307 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां की जाएंगी। यह अभियान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के निर्देश पर शुरू हुआ है, जिसका उद्देश्य पार्टी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है।
प्रदेश में कांग्रेस 1,200 से अधिक मंडल कमेटियां बनाकर 25,000 से ज्यादा पदाधिकारी तैयार करने की तैयारी में है। पहले चरण में नियुक्तियां ब्लॉक स्तर तक सीमित रहेंगी, इसके बाद जिला स्तर पर प्रक्रिया शुरू होगी। जिला अध्यक्षों के चयन के लिए एआईसीसी अपने पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ भेजेगी, जो अंतिम चयन करेंगे।
नियुक्तियों में लागू होगा आरक्षण व युवा नेतृत्व का फार्मूला
ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियों में रायपुर और उदयपुर अधिवेशन का फार्मूला अपनाया जाएगा। इसमें 50 प्रतिशत पद 50 वर्ष से कम उम्र के नेताओं को दिए जाएंगे। साथ ही एससी, एसटी, ओबीसी, अल्पसंख्यक और महिलाओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो।
प्रत्येक मंडल में 21 पदाधिकारी होंगे — जिनमें एक अध्यक्ष, तीन उपाध्यक्ष, एक कोषाध्यक्ष, तीन सचिव, तीन सहसचिव, एक सोशल मीडिया समन्वयक और नौ कार्यकारिणी सदस्य शामिल होंगे। यह संख्या क्षेत्र के हिसाब से बदल सकती है।
30 सितंबर तक लक्ष्य पूरा करने की तैयारी
युवा नेतृत्व तैयार करने के उद्देश्य से कांग्रेस पूरे देश में यह अभियान चला रही है। छत्तीसगढ़ में बूथ से लेकर जिला स्तर तक की सभी नियुक्तियों को 30 सितंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्य बिंदु:
-
पहले चरण में बूथ, मंडल और ब्लॉक स्तर पर नियुक्तियां
-
पहली बार कांग्रेस में मंडल स्तर की नियुक्तियां
-
ब्लॉक कमेटियों का पुनर्गठन
-
नियुक्तियां रायपुर व उदयपुर अधिवेशन फॉर्मूले पर