जांजगीर-चांपा में रविवार शाम एक कांग्रेस पार्षद की दबंगई का मामला सामने आया। आरोप है कि मामूली विवाद को लेकर पार्षद ने सरेराह मीडियाकर्मी को तीन-चार थप्पड़ जड़ दिए और उसका मोबाइल छीनकर मौके से निकल गया।
जानकारी के अनुसार, मीडियाकर्मी अखिल सिंह और चांपा नगर के पार्षद पवन आर्य के बीच पहले से किसी बात को लेकर तनातनी चल रही थी। रविवार शाम अखिल सिंह रेलवे स्टेशन के सामने खड़ा था, तभी पवन आर्य वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। गुस्से में पार्षद ने न केवल थप्पड़ मारे, बल्कि उसका मोबाइल भी ले गया।
घटना के बाद मीडियाकर्मी चांपा थाना पहुंचे और आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। हालांकि देर रात तक मामला दर्ज नहीं हो सका। इससे नाराज पत्रकारों ने थाने में प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई तो सोमवार को वे एसपी कार्यालय जाकर शिकायत करेंगे।
वहीं, मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। समाचार लिखे जाने तक पार्षद के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई थी।