Home Chhattisgarh news प्रदेश में शिक्षकों की शर्मनाक हरकतें, तीन प्रधान पाठक निलंबित

प्रदेश में शिक्षकों की शर्मनाक हरकतें, तीन प्रधान पाठक निलंबित

0
प्रदेश में शिक्षकों की शर्मनाक हरकतें, तीन प्रधान पाठक निलंबित

छत्तीसगढ़ में शनिवार को शिक्षा जगत को कलंकित करने वाले तीन मामलों ने सनसनी फैला दी। दो घटनाएं छात्राओं से अश्लील हरकत और एक मामला शराब पीकर स्कूल आने का है।

राजनांदगांव: प्रधान पाठक पर छात्राओं से अश्लील हरकत का आरोप
राजनांदगांव जिले के मोहबा प्राथमिक विद्यालय में प्रधान पाठक नेतराम वर्मा पर छात्राओं को अश्लील फोटो दिखाने, बैड टच करने और अन्य अश्लील हरकतों का आरोप लगा है। छात्राओं ने यह बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद 6 अगस्त को पालक समिति की बैठक में मामला खुला। अगले दिन बीईओ को लिखित शिकायत दी गई। संकुल समन्वयक की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीईओ ने वर्मा को तत्काल निलंबित कर डोंगरगढ़ बीईओ कार्यालय से अटैच कर दिया।

सहायक शिक्षक पर भी कार्रवाई
इस मामले में सहायक शिक्षक डीसम प्रसाद तिवारी पर घटना छुपाने का आरोप लगा। आदेश में कहा गया कि वर्षों से यह हरकत चल रही थी और इसे छुपाकर तिवारी ने आरोपी को सहयोग किया। दोनों शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया गया। 70 बच्चों वाले इस स्कूल में अब कोई शिक्षक नहीं बचा।

रामपुर: शराब पीकर स्कूल आने वाला एचएम सस्पेंड
रामपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधान पाठक हेमंत कुमार चंद्रवंशी को शराब के नशे में स्कूल आने और लगातार शिकायतें मिलने पर निलंबित कर दिया गया। ग्रामीणों की शिकायत पर संकुल समन्वयक से जांच कराई गई और रिपोर्ट आने के बाद विभाग ने पुलिस को एफआईआर के लिए पत्र भेजा।

बलरामपुर: चड्डा और टी-शर्ट में नशे में स्कूल पहुंचा हेड मास्टर
बलरामपुर जिले के रूपपुर प्राथमिक विद्यालय के हेड मास्टर मनमोहन सिंह शुक्रवार को शराब के नशे में भगवा टी-शर्ट और चड्डा पहनकर स्कूल पहुंचे। उन्होंने दोनों पैर टेबल पर रखकर बच्चों को पढ़ाना शुरू कर दिया। वीडियो में वे कहते नजर आए कि डॉक्टर ने फ्रैक्चर के इलाज के लिए रोज शराब पीने को कहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह उनकी पुरानी आदत है और पहले भी इस तरह स्कूल आ चुके हैं।

ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने इस मामले की रिपोर्ट डीईओ और कलेक्टर को भेजते हुए निलंबन की सिफारिश की है। ग्रामीणों ने भी ऐसे शिक्षक को तुरंत हटाने की मांग की है। रूपपुर स्कूल में 40 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं और यहां कुल दो शिक्षक पदस्थ हैं।