Home Chhattisgarh news PWD इंजीनियर बनकर युवती से की ठगी और दुष्कर्म, आरोपी रायपुर लाया गया

PWD इंजीनियर बनकर युवती से की ठगी और दुष्कर्म, आरोपी रायपुर लाया गया

0
PWD इंजीनियर बनकर युवती से की ठगी और दुष्कर्म, आरोपी रायपुर लाया गया

रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ धोखाधड़ी और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को PWD विभाग का इंजीनियर बताकर युवती से फेसबुक पर दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया और लाखों की ठगी भी कर ली। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर राजनांदगांव से रायपुर लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पीड़िता ने 2 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि जयप्रकाश बघेल नामक युवक ने उसे फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर संपर्क किया और खुद को लोक निर्माण विभाग (PWD) का इंजीनियर बताया। बातचीत बढ़ी तो दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं और रिश्ता प्रेम में बदल गया।

इस दौरान आरोपी ने युवती को अपनी आर्थिक परेशानियों का हवाला देकर मदद मांगी। भरोसा जताते हुए युवती ने 25 जुलाई से 17 सितंबर 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में फोनपे के जरिए लगभग 3.57 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा आरोपी ने एक लाख रुपये के सोने के गहने भी ले लिए।

जयप्रकाश ने शादी का भरोसा दिलाकर युवती के घरवालों से भी संपर्क किया। लेकिन फिर उसने गहने लौटाने और शादी करने के नाम पर टालमटोल शुरू कर दी। युवती को शक हुआ और उसने सच्चाई की तह तक जाने की कोशिश की।

पीड़िता ने बताया कि 17 अगस्त 2024 को आरोपी उसे भाटागांव स्थित एक फ्लैट में ले गया, जहां उसने शादी का वादा कर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

जब युवती को आरोपी की असलियत का पता चला, तो उसने पुलिस का सहारा लिया। जांच में खुलासा हुआ कि जयप्रकाश पहले से ही राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाने में दर्ज एक धोखाधड़ी के मामले में जेल में बंद है। इसके बाद रायपुर पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर कोर्ट से अनुमति लेकर रायपुर लाया है। मामले में आगे की जांच जारी है।