Home Chhattisgarh news रायपुर में युवक की हत्या कर शव को दलदल में फेंका गया: दो सगे भाई समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर में युवक की हत्या कर शव को दलदल में फेंका गया: दो सगे भाई समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

0
रायपुर में युवक की हत्या कर शव को दलदल में फेंका गया: दो सगे भाई समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या करने के मामले में पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे पुराना विवाद और निजी रंजिश को वजह बताया गया है।

घटना 19 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे की है। भवानी नगर निवासी ललित राव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके बेटे सुनील राव की हत्या कर दी गई। सुनील का मोहल्ले के ओम प्रकाश यादव और राहुल यादव से लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। घटना के दिन आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सुनील पर पहले गाली-गलौज की, फिर रॉड और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को पास ही एक दलदल में फेंक दिया और फरार हो गए।

घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी ओम प्रकाश और राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सुनील का उनके घर बार-बार आना उन्हें नागवार गुजरता था। इसी को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका था। इस बार बात इतनी बढ़ गई कि उन्होंने हत्या कर दी।

बाद में फरार चल रहे अन्य चार आरोपियों — शिवनारायण यादव, शिवा यादव, तरुण यादव और अरुण यादव को भी बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी भवानी नगर, खम्हारडीह के निवासी हैं। पुलिस ने सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अब घटना में इस्तेमाल हथियारों और अन्य सबूतों को जुटाने में लगी हुई है।