रायपुर, 19 अप्रैल: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जल्द ही सस्ती और प्रदूषण मुक्त यातायात सेवा की शुरुआत होने जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत 100 इलेक्ट्रिक सिटी बसों के संचालन का रास्ता अब साफ हो गया है। लंबे इंतजार के बाद चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड, अहमदाबाद को बस संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, 62.20 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से ई-बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें न सिर्फ रायपुर शहर बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लिए भी चलाई जाएंगी। इससे राजधानी के 70 वार्डों समेत अन्य छोटे शहरों में यात्रा करना सस्ता और सुविधाजनक हो जाएगा।

इससे पहले सिटी बसों का ठेका मनीष ट्रेवल्स को दिया गया था, लेकिन 67 में से सिर्फ 25-30 बसें ही संचालित हो पाई थीं। वहीं, ई-बसों के संचालन से न केवल सार्वजनिक परिवहन सुलभ होगा, बल्कि प्रदूषण में भी काफी कमी आने की उम्मीद है।

हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बसें कब तक राजधानी में सड़कों पर दौड़ेंगी। निगम के कार्यपालन अभियंता प्रदीप यादव के अनुसार, डिपो निर्माण का कार्य अगले महीने शुरू होगा और तैयारियों में तेजी लाई जा रही है।

रायपुरवासियों को बीते दो वर्षों से ई-बसों की सुविधा देने का वादा किया गया था, जो अब धीरे-धीरे साकार होता दिख रहा है।