Home Chhattisgarh news प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या: तकिए से मुंह दबाकर उतारा मौत के घाट, रातभर शव के पास सोती रही पत्नी; सुबह बताया- शराब से हुई मौत

प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या: तकिए से मुंह दबाकर उतारा मौत के घाट, रातभर शव के पास सोती रही पत्नी; सुबह बताया- शराब से हुई मौत

0
प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या: तकिए से मुंह दबाकर उतारा मौत के घाट, रातभर शव के पास सोती रही पत्नी; सुबह बताया- शराब से हुई मौत

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। यह वारदात पांडुका थाना क्षेत्र के कोपरा नगर पंचायत की है। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसकी वजह पत्नी का गांव के एक मैकेनिक से चल रहा प्रेम प्रसंग था।

डेढ़ साल से चल रहा था अफेयर

30 वर्षीय प्रतिमा साहू की शादी चुम्मन साहू (35) से चार साल पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं – एक साल की बेटी और दो साल का बेटा। चुम्मन खेती-किसानी करता था और बेरोजगार था। इसी बीच गांव के एक इलेक्ट्रिशियन दौलत पटेल के साथ प्रतिमा का प्रेम संबंध शुरू हो गया। दौलत अक्सर बिजली के काम के सिलसिले में उनके घर आता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच संबंध गहरे होते गए। पति ने कई बार दोनों को रंगे हाथ पकड़ भी लिया था, जिससे घर में झगड़े आम बात हो गई थी। 

हत्या की रची साजिश, मोबाइल पर हुई प्लानिंग

पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि प्रतिमा और दौलत ने मिलकर चुम्मन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। घटना से पहले दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत में पूरी हत्या की योजना बनाई गई थी। 25 जुलाई की रात दौलत ने पहले चुम्मन को शराब पिलाई और जब वह नशे में होश खो बैठा, तो उसे उसके घर छोड़ आया।

तकिए से दबाकर की गई हत्या

जैसे ही चुम्मन गहरी नींद में सो गया, प्रतिमा और दौलत ने मिलकर तकिए से उसका मुंह दबा दिया और तब तक दबाते रहे जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं। हत्या के बाद दौलत वहां से चला गया, जबकि प्रतिमा रातभर शव के साथ ही सोती रही। अगले दिन सुबह उसने परिवार के लोगों को बताया कि चुम्मन की मौत शराब के अधिक सेवन से हुई है।   

अंतिम संस्कार के बाद खुला राज

परिवार ने शुरुआत में प्रतिमा की बात मानकर अंतिम संस्कार कर दिया। लेकिन चुम्मन के पिता बिसेलाल साहू को बहू की बातों पर शक हुआ। उन्हें बेटे की आदतों और दौलत के घर के चक्कर काटने की जानकारी थी। दशगात्र के बाद उन्होंने पांडुका थाने में शिकायत दर्ज कराई।

कबूल लिया गुनाह

पुलिस ने जब प्रतिमा और दौलत को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की तो दोनों ने सच्चाई कबूल कर ली। उन्होंने माना कि हत्या की योजना पहले से बनाई गई थी। प्रतिमा ने यह भी माना कि वह पति की मौजूदगी में भी दौलत के साथ शारीरिक संबंध बनाती थी।

पुलिस ने जुटाए परिस्थितिजन्य साक्ष्य

एसडीओपी नेहा सिन्हा ने बताया कि घटना के तत्काल साक्ष्य नहीं होने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जा सका था। ऐसे में पुलिस ने कॉल डिटेल और परिस्थिति जन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह घटना न केवल रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करती है, बल्कि यह भी बताती है कि निजी रिश्तों में उपजा विवाद किस हद तक खतरनाक रूप ले सकता है।