Home Accident news कोरबा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को कुचला, दोनों की मौत

कोरबा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को कुचला, दोनों की मौत

0
कोरबा में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार कार ने ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को कुचला, दोनों की मौत

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। घटना नेशनल हाईवे-130 पर बांगो थाना क्षेत्र के मदनपुर घाट में हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार ने ट्रक ड्राइवर और उसके हेल्पर को टक्कर मार दी। दोनों ट्रक के खराब होने पर उसे सड़क किनारे खड़े होकर ठीक कर रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय हादसा हुआ, दोनों लोग ट्रक के पास खड़े होकर ब्रेकडाउन को ठीक करने में जुटे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 42 वर्षीय मोहम्मद उस्मान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 32 वर्षीय कृष्ण मुरारी पांडे को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि ट्रक उत्तर प्रदेश से रायपुर की ओर जा रहा था और उसमें माल लोड था। ट्रक ड्राइवर उस्मान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ के रहने वाले थे, जबकि हेल्पर कृष्ण मुरारी पांडे झारखंड के गढ़वा जिले से थे।

हादसे के वक्त सड़क पर एक तीखा मोड़ था, जिसकी वजह से कार चालक को ट्रक समय पर नजर नहीं आया। कार में दो लोग सवार थे। घटना के बाद मौके पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही मोरगा चौकी प्रभारी मंगतूराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया।

पुलिस ने दुर्घटना की वजह बनी कार को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है।