बिलासपुर में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण कार्यों के खिलाफ नगर निगम की सख्ती लगातार जारी है। सोमवार को लगातार पांचवें दिन जोन क्रमांक 8 के तहत कोनी और बिरकोना रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। निगम की टीम ने अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया।
नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार के निर्देश पर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कोनी क्षेत्र में स्थित खसरा नंबर 17 की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग को निशाना बनाया। यहां गोपी श्रीवास, त्रिलोकचंद्र श्रीवास और आनंद श्रीवास द्वारा भूमि को 13 हिस्सों में काटकर बेचा गया था। इसी स्थान पर बनाए जा रहे दो अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
इसके अलावा बिरकोना रोड स्थित डीपी कॉलेज के पीछे खसरा नंबर 29/6 (गास मोहम्मद), खसरा नंबर 24 (शाहिद और असलम खान), और खसरा नंबर 309 (दाऊ मंडी के पास) पर भी कार्रवाई की गई। इन स्थानों पर की गई अवैध प्लॉटिंग में बनाई गई सड़क, नाली और बाउंड्रीवाल को तोड़ दिया गया।
पूरी कार्रवाई पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान भवन अधिकारी अनुपम तिवारी, जोन कमिश्नर विभा सिंह, इंजीनियर शशि वारे, देवनारायण मरकाम, अरुण यादव, जुगल सिंह और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।