Home Chhattisgarh news Bhilai news फाइनेंस गाड़ियों की कटिंग कर बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया, तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

फाइनेंस गाड़ियों की कटिंग कर बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया, तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

0
फाइनेंस गाड़ियों की कटिंग कर बेचने वाला गिरोह पकड़ा गया, तीन गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

भिलाई। खुर्सीपार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फाइनेंस पर ली गई गाड़ियों को काटकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ललित कबाड़ी के गोदाम पर छापा मारकर करीब 7.40 लाख रुपए की स्क्रैप सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी ललित कबाड़ी अब भी फरार है।

मिली जानकारी के अनुसार, एसीसीयू और थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के एक गोदाम में अवैध रूप से गाड़ियों को काटा जा रहा है। रेड के दौरान पुलिस को दो ट्रेलर (सीजी 12 एआर 7479) के बॉडी और मुंडी मिली। आरोपियों द्वारा बड़ी गाड़ियों जैसे ट्रक, टैंकर और हाईवा को काटकर उनके इंजन और पार्ट्स रायपुर समेत अन्य शहरों में बेच दिए जाते थे।

पुलिस ने मौके से 5.24 लाख का स्क्रैप और अन्य सामान सहित कुल 7.40 लाख रुपए का माल जब्त किया। इस मामले में आर्य नगर कोहका निवासी प्रेम कुमार साहू (32 वर्ष), न्यू खुर्सीपार निवासी राजेन्द्र कुमार सिंह (55 वर्ष) और सेक्टर-2 के सड़क नंबर 16 निवासी विशाल शाही (47 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। इन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 317(2), 317(4), 111(3), और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड में जेल भेजा गया है।

बताया गया है कि प्रेम साहू पर इससे पहले फरवरी माह में भिलाई-3 थाना पुलिस ने कार्रवाई की थी, लेकिन जेल से छूटने के बाद उसने फिर से पिता के साथ यह अवैध धंधा शुरू कर दिया। इस बीच तिरंगा चौक के पास एक और कबाड़ी—पांडेय कबाड़ी—पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि उस पर भी गुपचुप कबाड़ कारोबार का संदेह है।