Home Chhattisgarh news बलौदाबाजार में मिड-डे मील विवाद: बच्चों को परोसा गया कुत्ते का जूठा खाना, 78 छात्रों को लगे एंटी रेबीज इंजेक्शन

बलौदाबाजार में मिड-डे मील विवाद: बच्चों को परोसा गया कुत्ते का जूठा खाना, 78 छात्रों को लगे एंटी रेबीज इंजेक्शन

0
बलौदाबाजार में मिड-डे मील विवाद: बच्चों को परोसा गया कुत्ते का जूठा खाना, 78 छात्रों को लगे एंटी रेबीज इंजेक्शन

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के पलारी विकासखंड स्थित लछनपुर गांव के मिडिल स्कूल से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि यहां मध्यान्ह भोजन (मिड-डे मील) में छात्रों को कुत्ते द्वारा जूठा किया गया खाना परोसा गया। इस लापरवाही भरे मामले ने शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया है।

बताया गया कि मिड-डे मील तैयार होने के बाद उसे खुले में छोड़ दिया गया था, तभी एक कुत्ता आकर सब्जी खाने लगा। बच्चों ने यह बात शिक्षकों को बताई, जिस पर एक शिक्षक ने खाना न परोसने की बात कही। बावजूद इसके, बच्चों को वही खाना परोस दिया गया।

घटना के बाद बच्चों ने यह बात अपने अभिभावकों को बताई, जिसके बाद अभिभावक स्कूल पहुंचे और जमकर नाराजगी जताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन हरकत में आया। स्कूल में सातवीं और आठवीं कक्षा के कुल 78 बच्चों को एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है।

वर्तमान में मामले की जांच एसडीएम, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।