छत्तीसगढ़ के ढिमरापुर में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में अडानी कंपनी में कार्यरत डीजीएम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर जिंदल रोड स्थित एक मकान की दीवार से टकरा गई। जोरदार टक्कर के कारण कार सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ, जब एनआर कंपनी के पास स्थित दीवार से कार टकराई। राहगीरों ने घायल युवक को कार में बेहोश देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए जिंदल फोर्टिस हॉस्पिटल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, इसलिए शव को जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवाया गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शिनाख्त की गई, जिससे पता चला कि मृतक 46 वर्षीय सत्यनारायण सिंह हैं, जो मूल रूप से बनारस, उत्तर प्रदेश के निवासी थे। वर्तमान में वे वृंदावन कॉलोनी, रायगढ़ में रह रहे थे और अडानी कंपनी के छोटे भंडार कार्यालय में डीजीएम पद पर कार्यरत थे।
बताया गया कि वे शुक्रवार की शाम ड्यूटी से लौटने के बाद रात को भोजन के लिए बाहर निकले थे और घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर परिजनों को सूचना दे दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजन रायगढ़ नहीं पहुंचे हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने शव को उनके गृहग्राम भिजवा दिया है।