📍 उरला, बिरगांव, रायपुर | 2 अगस्त 2025
रायपुर स्थित मेटल पार्क रोड एक बार फिर सड़क दुर्घटना की खबरों में है। इस सड़क पर हादसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आज दोपहर लगभग 12:20 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक नई ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। यह ऑटो महज एक दिन पहले ही खरीदी गई थी।

हादसे में ऑटो चालक घायल हो गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एनकेडी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है और खतरे से बाहर बताया जा रहा है। दुर्घटना में ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मेटल पार्क रोड पर न तो पर्याप्त स्ट्रीट लाइट हैं और न ही ट्रैफिक नियंत्रण के पुख्ता इंतज़ाम। भारी वाहन दिनभर तेज गति से गुजरते हैं, जिससे हर वक्त हादसे का डर बना रहता है। इसके साथ ही सड़क पर गड्ढों की भरमार है, जो दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह बन रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से इस सड़क की जल्द मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
❗ क्या जिम्मेदार अधिकारी मेटल पार्क रोड की बिगड़ती हालत पर संज्ञान लेंगे या फिर आमजन यूं ही हादसों का शिकार होते रहेंगे?