छत्तीसगढ़ में होम गार्ड भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। राज्य में नगर सेना, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं के लिए 2,215 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इन पदों के लिए 17 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने 22 जून को आयोजित हुई लिखित परीक्षा में भाग लिया था। अब विभाग द्वारा अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
यह भर्ती प्रक्रिया पिछले वर्ष शुरू हुई थी। पहले फिजिकल टेस्ट हुआ, जिसमें लगभग 20 हजार उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा के लिए बुलाया गया। व्यापमं द्वारा आयोजित परीक्षा में करीब साढ़े 17 हजार परीक्षार्थी उपस्थित हुए। अब इन परीक्षार्थियों की अंक सूची विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।
अंतिम मेरिट लिस्ट कुल 220 अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इसमें 100 अंक फिजिकल टेस्ट, 100 अंक लिखित परीक्षा और अधिकतम 20 बोनस अंक शामिल होंगे। बोनस अंक उन उम्मीदवारों को मिलेंगे जिनके पास अतिरिक्त योग्यताएं हैं।
बोनस अंकों का वितरण इस प्रकार होगा:
-
एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट धारकों को 5 अंक
-
खेलकूद में उत्कृष्टता रखने वालों को 5 अंक
-
नाविक, तैराक या गोताखोर को 10 अंक
-
हैवी व्हीकल ड्राइविंग लाइसेंस और हिंदी टाइपिंग जैसे कौशल के लिए 5-5 अंक
हालांकि, दो या दो से अधिक अतिरिक्त योग्यताएं रखने वालों को अधिकतम 20 अंकों तक ही बोनस मिलेगा। विभाग जल्द ही अंतिम चयन सूची जारी करेगा, जिसके बाद अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी।