रायपुर। अमलीडीह क्षेत्र के हजारों लोग इन दिनों भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। कारण है, सालभर पहले बनाई गई सड़क को बरसात के बीचोंबीच पाइपलाइन बिछाने के लिए फिर से खोद दिया गया है। इससे क्षेत्र में आवागमन मुश्किल हो गया है, वहीं सड़क की खुदाई से निकला मलबा नालियों में भर गया है, जिससे नालियां जाम हो गई हैं और गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा है।
स्थानीय निवासी प्रशांत का कहना है कि कई वर्षों बाद यह सड़क बनी थी, लेकिन अब महज एक साल में ही उसे तोड़ दिया गया। लोगों को रोजाना कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
पूर्व पार्षद सहदेव व्यवहार ने बताया कि सड़क निर्माण से पहले ही उन्होंने निगम के जल विभाग और जोन कमिश्नर को पाइपलाइन बिछाने की जरूरत बताई थी, ताकि दोबारा खुदाई की नौबत न आए। लेकिन अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया, अब जनता को इसकी सजा भुगतनी पड़ रही है।
ज्ञात हो कि नगर निगम चुनाव से ठीक पहले इस सड़क पर 19 लाख रुपए खर्च किए गए थे। बारिश में यह खुदाई जनजीवन के लिए मुसीबत बन गई है।