छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नरदहा गांव में एक नाबालिग युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला है। मृतक की पहचान 17 वर्षीय सूरज यादव के रूप में हुई है, जो गांव में ही चाय-नाश्ते की दुकान चलाता था। यह घटना 1 अगस्त की सुबह सामने आई, जब ग्रामीणों ने युवक की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारा। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस को संदेह है कि सूरज ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर यह कदम उठाया है। खास बात यह है कि युवक आत्महत्या के लिए रस्सी साथ लेकर आया था।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया
थाना प्रभारी के मुताबिक, युवक की मौत शुक्रवार तड़के 3 से 4 बजे के बीच हुई मानी जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
युवक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस परिजनों और नजदीकी रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है, जिससे आत्महत्या के पीछे के कारणों की पुष्टि हो सके। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।