सकरी रायपुर जिले के सकरी गांव (विधानसभा रोड) में 31 जुलाई 2025 की सुबह एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जहरीला चारा खाने से 14 बकरियां-बेड़ और 4 बैलों की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ, जब ग्रामीण रोज की तरह अपने पशुओं को चराने के लिए लेकर निकले।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में हाल ही में एक निजी कंपनी ने अपना गोदाम खोला है, जहां खाद्य सामग्री तैयार की जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी ने अपने बाहर खाद्य अपशिष्ट फेंका था, जो पास की घास और वहां जमा पानी में मिल गया। इसी पानी को पीने और दूषित घास खाने से 18 मवेशियों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर एसडीएम, विधानसभा थाना प्रभारी और सीएसपी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस हादसे में किसानों को करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वे कंपनी पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
गांव वालों ने शासन-प्रशासन से अपील की है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए कड़े नियम बनाए जाएं और लापरवाह कंपनियों पर सख्त कार्रवाई हो।
जांच जारी है, और दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है