Home Chhattisgarh news जगदलपुर में आकांक्षा हाट का शुभारंभ: महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की अनोखी प्रदर्शनी

जगदलपुर में आकांक्षा हाट का शुभारंभ: महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की अनोखी प्रदर्शनी

0
जगदलपुर में आकांक्षा हाट का शुभारंभ: महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की अनोखी प्रदर्शनी

जगदलपुर के सिरहासार भवन में महिला स्व-सहायता समूहों की प्रतिभा और आत्मनिर्भरता को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से “आकांक्षा हाट” का आयोजन किया गया है। इस विशेष आयोजन की शुरुआत बुधवार को महापौर संजय पांडेय और कलेक्टर हरिस एस ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर की।

आकांक्षा हाट में जिले के विभिन्न महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक परिधान, हस्तशिल्प वस्तुएं, सजावटी सामान, खाद्य उत्पाद और राखियों की सुंदर प्रदर्शनी लगाई गई है। यह आयोजन ‘वोकल फॉर लोकल’ मुहिम को मजबूती देने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दे रहा है।

महापौर संजय पांडेय ने इसे स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और विपणन के लिए एक बेहतरीन अवसर बताया। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे इस हाट में भाग लेकर महिला समूहों को प्रोत्साहित करें। महापौर ने ‘आकांक्षा हाट – बस्तर की शान’ लिखकर आयोजन को अपना समर्थन दिया।

कलेक्टर और महापौर ने विभिन्न स्टॉलों का दौरा करते हुए महिलाओं के बनाए उत्पादों की गुणवत्ता की प्रशंसा की और समूह की महिलाओं से सीधे संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में और भी बेहतर मंच उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

यह आयोजन नीति आयोग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और जिला प्रशासन के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया है। आकांक्षा हाट 5 अगस्त 2025 तक प्रतिदिन खुला रहेगा, जहां नागरिक आकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर महिला उद्यमिता को सहयोग दे सकते हैं।