Home Chhattisgarh news रायपुर न्यूज़: डीएपी की किल्लत पर जिला पंचायत सदस्य का अनोखा विरोध, कुर्ते पर लिखा – “मैं परेशान हूं क्योंकि किसान हूं”

रायपुर न्यूज़: डीएपी की किल्लत पर जिला पंचायत सदस्य का अनोखा विरोध, कुर्ते पर लिखा – “मैं परेशान हूं क्योंकि किसान हूं”

0
रायपुर न्यूज़: डीएपी की किल्लत पर जिला पंचायत सदस्य का अनोखा विरोध, कुर्ते पर लिखा – “मैं परेशान हूं क्योंकि किसान हूं”

अभनपुर-आरंग क्षेत्र के किसानों को इस समय सबसे बड़ी दिक्कत खाद की हो रही है। खेती के अहम चरण “चलाई” के दौरान डीएपी खाद की मांग तेजी से बढ़ जाती है, लेकिन सरकारी समितियों में इसकी कमी ने किसानों को परेशान कर रखा है। हालात ये हैं कि प्रति एकड़ दो बोरी डीएपी की ज़रूरत होने के बावजूद, उन्हें सिर्फ एक बोरी ही मिल पा रही है। ऐसे में किसान निजी दुकानों से 2000 से 2100 रुपये प्रति बोरी की दर पर डीएपी खरीदने को मजबूर हैं, जबकि इसकी सरकारी कीमत करीब 1300 रुपये है।

इसी समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य यशवंत धनेंद्र साहू ने रायपुर में अनोखे अंदाज़ में प्रदर्शन किया। उन्होंने “मैं परेशान हूं क्योंकि किसान हूं” लिखवाकर एक विशेष कुर्ता पहना और संतोषी नगर से साइकिल यात्रा शुरू कर जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। वहां सामान्य सभा की बैठक के दौरान उन्होंने डीएपी की कमी और कालाबाजारी का मुद्दा उठाया।

सभा में मौजूद आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने डीएपी की कमी से इनकार किया, लेकिन सहकारिता विभाग के अधिकारी ने यह स्वीकार किया कि स्टॉक में वाकई कमी है। उन्होंने भरोसा दिया कि जल्द ही खाद की आपूर्ति सुधारी जाएगी।

यशवंत साहू ने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने जून में भी उठाया था और तब प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने के लिए एक विशेष जांच टीम बनाने की बात कही थी। लेकिन महीनों बाद भी वह टीम नहीं बन सकी। वहीं खाद वितरण के लिए ज़िम्मेदार डीएमओ, लगातार दो बैठकों में अनुपस्थित रहे हैं, जिससे पंचायत सदस्यों में नाराजगी है।

विशेषज्ञों के अनुसार, अगर समय पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी नहीं डाला गया, तो फसल उत्पादन में 4 से 5 क्विंटल प्रति एकड़ की गिरावट आ सकती है। यही वजह है कि किसान महंगे दाम पर डीएपी खरीदने को मजबूर हैं। इस समस्या से न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, बल्कि फसल उत्पादन भी खतरे में पड़ रहा है।