Home Chhattisgarh news नवा रायपुर में खुलेगी अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी, रेत खनन नियमों में बड़ा बदलाव

नवा रायपुर में खुलेगी अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी, रेत खनन नियमों में बड़ा बदलाव

0
नवा रायपुर में खुलेगी अत्याधुनिक क्रिकेट एकेडमी, रेत खनन नियमों में बड़ा बदलाव

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में कई अहम फैसलों को मंजूरी दी गई। इनमें खेल क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए नवा रायपुर के परसदा गांव में क्रिकेट एकेडमी की स्थापना का निर्णय भी शामिल है। इसके लिए सरकार ने 7.96 एकड़ भूमि आवंटित करने की स्वीकृति दे दी है।

बैठक में प्रदेश में रेत खनन और उसके परिवहन में पारदर्शिता लाने के लिए नियमों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब रेत खदानों का आवंटन पूरी तरह से ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। इससे अवैध खनन और मनमानी रोकने में मदद मिलेगी।

इसके साथ ही भारतमाला परियोजना में भूमि अधिग्रहण से जुड़ी गड़बड़ियों को रोकने के लिए सरकार ने तय किया है कि अब कृषि भूमि की कीमत का आकलन छोटे भूखंडों की दर पर न होकर पूरे रकबे के आधार पर हेक्टेयर दर से किया जाएगा।

खनिज विभाग से जुड़े नियमों में भी संशोधन किया गया है। भारत सरकार के निर्देश पर जिला खनिज न्यास नियम 2015 में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। वहीं 2019 और 2023 में लागू रेत खनन से जुड़े पुराने नियमों को निरस्त करते हुए नए नियम “छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम-2025” को मंजूरी दी गई है।

इन फैसलों से प्रदेश में विकास योजनाओं में गति आने के साथ-साथ प्रशासनिक प्रक्रियाओं में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।