Home Chhattisgarh news Bemetara news पोते ने की जमीन के पैसे को लेकर दादा की हत्या, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

पोते ने की जमीन के पैसे को लेकर दादा की हत्या, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

0
पोते ने की जमीन के पैसे को लेकर दादा की हत्या, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के तारालीम गांव में जमीन के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। यहां 32 वर्षीय रवि वर्मा ने अपने ही दादा कोंदा उर्फ धनउ वर्मा की निर्मम हत्या कर दी।

मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने आरोपी पोते को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही उस पर 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। यह फैसला न्यायाधीश बृजेन्द्र कुमार शास्त्री ने सुनाया।

लोक अभियोजक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 19 सितंबर 2024 की है। उस दिन आरोपी रवि वर्मा ने पहले अपने दादा का गला गमछा से दबाया और फिर सिर पर पत्थर पटककर उनकी जान ले ली।

हत्या की वजह यह सामने आई कि मृतक ने कुछ समय पहले अपनी जमीन बेची थी। पोते ने उस रकम में से हिस्सा मांगा, लेकिन दादा ने पैसा देने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज़ होकर रवि ने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कोर्ट में चालान पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पुख्ता सबूतों के साथ आरोपी की संलिप्तता साबित की, जिसके आधार पर कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई।