Home Chhattisgarh news भर्रीपारा में बुजुर्ग की लाश नाली में मिली, पुलिस जांच में जुटी

भर्रीपारा में बुजुर्ग की लाश नाली में मिली, पुलिस जांच में जुटी

0
भर्रीपारा में बुजुर्ग की लाश नाली में मिली, पुलिस जांच में जुटी

छत्तीसगढ़ के सरोना ग्राम पंचायत अंतर्गत भर्रीपारा इलाके में मंगलवार को एक 80 वर्षीय बुजुर्ग का शव नाली में मिला। मृतक की पहचान रामलाल मरकाम के रूप में हुई है, जो कुछ समय पहले बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। परिजन उन्हें लगातार खोज रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

स्थानीय ग्रामीणों को नाली में शव दिखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची दुधावा चौकी पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में देवेंद्र साहू नामक व्यक्ति की नहर से गिरकर मौत हो गई थी। वह नहर की गंदगी और झाड़ियों में फंस गया था, जिससे उसकी जान चली गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भर्रीपारा, सरोना पेट्रोल पंप और मुड़पार के बीच की नालियों में वर्षों से गंदगी जमी हुई है, जिसकी अब तक सफाई नहीं करवाई गई है। यह नहर दुधावा जलाशय से जुड़ी हुई है, लेकिन साफ-सफाई को लेकर प्रशासन की लापरवाही अब जानलेवा साबित हो रही है।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई करवाई जाए और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुख्ता कदम उठाए जाएं