दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के पोटिया चौक पर गुरुवार रात एक बड़ी घटना सामने आई, जब ड्यूटी से लौट रहे एसडीएम हितेश पिस्दा की सरकारी गाड़ी को एक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार में सवार तीन युवक न सिर्फ एसडीएम से उलझ पड़े, बल्कि गाली-गलौज करते हुए धक्कामुक्की पर उतर आए। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सीएसपी अलेक्जेंडर किरो के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की है। एसडीएम हितेश पिस्दा कलेक्ट्रेट से पद्मनाभपुर क्षेत्र में स्थित एक कर्मचारी से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान पोटिया चौक पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने लापरवाही पूर्वक उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर के तुरंत बाद कार से उतरे आरोपी राकेश यादव (38, विद्युत नगर), विपिन चावड़ा (45) और मनोज यादव (38, कसारीडीह) एसडीएम से भिड़ गए। जब एसडीएम ने अपनी पहचान बताई, तो आरोपियों ने उल्टे राजनीतिक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज और धक्कामुक्की शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इसके बाद एसडीएम ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजकुमार लहरे के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें 8 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों पर सरकारी कर्मचारी से अभद्रता, बाधा पहुंचाने और मारपीट जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।