अमलीपदर पुलिस ने 24 जुलाई की रात अवैध मवेशी तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ पशु कृषक परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 10 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, अमलीपदर थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि ग्राम धुरवापथरा केऊबुरला की ओर एक संदिग्ध व्यक्ति मवेशियों को बेरहमी से पीटते हुए रात के अंधेरे में कहीं ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुरनो हरपाल, पिता स्व. चरण सिंह हरपाल, निवासी डुमरपीटा, थाना देवभोग, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। पुलिस ने जब आरोपी से मवेशियों के परिवहन और बिक्री के वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के पास से 10 नग कृषक मवेशी जब्त किए हैं, जिसमें 4 गाय और 6 बछड़े शामिल हैं। सभी मवेशी भूखे-प्यासे और शारीरिक यातना की स्थिति में पाए गए। जब्त मवेशियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मवेशियों के साथ इस प्रकार की क्रूरता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।