बिलासपुर में बुधवार रात से हुई लगातार तेज बारिश ने शहर की हालत बिगाड़ दी। कई इलाकों में सड़कों पर 2 फीट तक पानी भर गया और सैकड़ों मकानों में घरों के अंदर तक पानी घुस गया, जिससे जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हो गया।
बिजली गुल, रात भर लोग रहे परेशान
तेज बारिश के साथ आई आंधी और पेड़ गिरने की घटनाओं से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई इलाकों में ट्रांसफार्मर डूब जाने या इंशुलेटर फटने के कारण बिजली काटनी पड़ी। सरकंडा, बंधवापारा, अरविंद नगर, चौबे कॉलोनी, नेहरू नगर, तिलक नगर, सिरगिट्टी, शांतिनगर और व्यापार विहार जैसे इलाकों में पूरी रात अंधेरा पसरा रहा।

जल भराव से यातायात और जीवन दोनों प्रभावित
पुराना बस स्टैंड, तोरवा, श्रीकांत वर्मा मार्ग, देवरीखुर्द, हंसा विहार, मोपका, मंगला और उसलापुर सहित कई क्षेत्रों में निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे न सिर्फ लोगों के घरों में नुकसान हुआ, बल्कि यातायात भी ठप हो गया।
पीने के पानी की भी किल्लत
बिजली ठप होने के कारण पानी की आपूर्ति भी रुक गई, जिससे लोगों को सुबह पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ा।

भारी बारिश का अलर्ट अभी भी जारी
मौसम विभाग के अनुसार 23 जुलाई को शहर में 4.65 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। विभाग ने आज भी भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं।