Home Business news छत्तीसगढ़ में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत डिजिटल फसल सर्वे शुरू, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

छत्तीसगढ़ में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत डिजिटल फसल सर्वे शुरू, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

0
छत्तीसगढ़ में एग्रीस्टैक परियोजना के तहत डिजिटल फसल सर्वे शुरू, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से फसल सर्वेक्षण की शुरुआत की जा रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पारदर्शी और सटीक फसल गिरदावरी सुनिश्चित करना और ग्रामीण युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना है।

सरगुजा जिले में इस योजना को लागू करने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया गया है। पहले चरण में 3 जुलाई 2025 को कलेक्टोरेट सभागार में सैद्धांतिक प्रशिक्षण आयोजित किया गया, जबकि 23 जुलाई को ग्राम सरगवां में डीसीएस (डिजिटल क्रॉप सर्वे) ऐप के माध्यम से फील्ड में व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

इस प्रक्रिया में पटवारियों, राजस्व निरीक्षकों और तहसीलदारों सहित राजस्व अमले ने खेतों में जाकर फसलों का प्रत्यक्ष सर्वेक्षण किया। डीसीएस ऐप के माध्यम से खेत की स्थिति और फसल की फोटो रियल टाइम में अपलोड की जाएगी। राज्य सरकार द्वारा भू-नक्शों के जियो-रिफ्रेशिंग के बाद अब त्रुटिरहित डिजिटल सर्वेक्षण संभव हो सका है, जिससे योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

युवाओं को मिल रहा है रोजगार का मौका

इस परियोजना में ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को भी सर्वेयर के रूप में जोड़ा जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार अपने तहसील कार्यालय या हल्का पटवारी के पास आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक खसरा नंबर के सर्वेक्षण पर 10 रुपये का मानदेय निर्धारित किया गया है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवाओं को तहसील स्तर पर आयोजित शिविरों में डिजिटल फसल सर्वेक्षण की विधियों की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे इस कार्य को कुशलतापूर्वक कर सकें।

यह पहल न केवल फसल गिरदावरी को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खोलेगी।