Home Chhattisgarh news Bilaspur news बिलासपुर में नकली दवाइयों और कॉस्मेटिक पर कार्रवाई: 6 दुकानों में छापेमारी, बिना लाइसेंस बिक रही थीं दवाएं, 660 किलो खोवा भी जब्त

बिलासपुर में नकली दवाइयों और कॉस्मेटिक पर कार्रवाई: 6 दुकानों में छापेमारी, बिना लाइसेंस बिक रही थीं दवाएं, 660 किलो खोवा भी जब्त

0
बिलासपुर में नकली दवाइयों और कॉस्मेटिक पर कार्रवाई: 6 दुकानों में छापेमारी, बिना लाइसेंस बिक रही थीं दवाएं, 660 किलो खोवा भी जब्त

बिलासपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस के दवाओं की बिक्री और नकली कॉस्मेटिक्स की बिक्री के मामले में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि कुछ दुकानों में बिना किसी वैध औषधि लाइसेंस के पिछले चार वर्षों से दवाइयां बेची जा रही थीं। विभाग ने कुल छह दुकानों में छापे मारे और वहां से नकली कॉस्मेटिक उत्पाद भी बरामद किए।

औषधि निरीक्षक सुनील पंडा ने जानकारी दी कि तेलीपारा, व्यापार विहार और मंगला क्षेत्र की दुकानों की जांच की गई। संतोष जनरल स्टोर्स, नरेश ट्रेडर्स, मां कॉस्मेटिक, मनोज फैंसी एंड स्टेशनरी और आदित्य ट्रेडिंग से कॉस्मेटिक के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए रायपुर की लैब में भेजा गया है।

तेलीपारा स्थित आकाश बैंगल्स एंड कॉस्मेटिक शॉप से करीब 30 हजार रुपये मूल्य की बिना लाइसेंस वाली 8 किस्म की दवाएं जब्त की गईं। ये दवाएं दो कार्टून में रखी थीं। यह कार्यवाही औषधि अधिनियम 1945 की धारा 18C और 18A के उल्लंघन को लेकर की गई है, जिसमें 3 साल तक की सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

इसी दौरान नकली कॉस्मेटिक्स के बाजार में फैलते असर को देखते हुए पांच दुकानों से नमूने लिए गए, जिन्हें लैब टेस्ट के लिए भेजा गया है। इस जांच दल में औषधि निरीक्षक सुनील पंडा, सोनम जैन, अश्विनी कुमार, आशीष पांडे, कामेश्वरी पटेल और नीलिमा साहू शामिल थे।

इसके अलावा सोमवार सुबह 5:40 बजे नया बस स्टैंड और रेलवे परिसर में खाद्य निरीक्षण अभियान चलाया गया। खाद्य निरीक्षकों ने बाहर से आने वाले खोवा, कुंदा और पनीर की जांच की। चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से गोलबाजार स्थित खोवा मंडी से लिए गए 18 नमूनों में से दो अमानक पाए गए। जांच में संदेहास्पद पाए जाने पर 660 किलो खोवा और 35 किलो पनीर को जब्त किया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध दवा और खाद्य सामग्री के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।