Home Chhattisgarh news रायपुर में झोलाछाप डॉक्टर ने की पति-पत्नी की नृशंस हत्या: तानों और 10 हजार की लेन-देन से था नाराज

रायपुर में झोलाछाप डॉक्टर ने की पति-पत्नी की नृशंस हत्या: तानों और 10 हजार की लेन-देन से था नाराज

0
रायपुर में झोलाछाप डॉक्टर ने की पति-पत्नी की नृशंस हत्या: तानों और 10 हजार की लेन-देन से था नाराज

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अभनपुर क्षेत्र के बिरोदा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक झोलाछाप डॉक्टर ने पति-पत्नी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड का खुलासा मंगलवार शाम को हुआ, जब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला 16 जुलाई का है। मृतक भूखन ध्रुव (62) और उनकी पत्नी रुक्मणी ध्रुव (60) अपने घर में मृत पाए गए थे। भूखन की लाश पलंग पर और रुक्मणी की लाश दूसरे कमरे में ज़मीन पर मिली। वारदात के दौरान दोनों के गले और सीने पर चाकू से वार किए गए थे।

पुलिस ने घटना की जांच के लिए गांव के लगभग 200 लोगों से पूछताछ की। तकनीकी जांच में मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पहचान राकेश कुमार बारले के रूप में हुई, जो खुद को डॉक्टर बताकर गांव में इलाज करता था।

पूछताछ में राकेश ने स्वीकार किया कि कुछ समय पहले रुक्मणी उसके पास हाथ दर्द के इलाज के लिए आई थी। इलाज से राहत न मिलने और पैसे लेने के बावजूद सुधार न होने पर महिला ने राकेश पर ठगी का आरोप लगाया था। साथ ही आरोपी ने दंपती को जमीन सौदे के लिए 10 हजार रुपये एडवांस दिए थे, जो वापस नहीं किए जा रहे थे।

वारदात वाले दिन राकेश इलाज के बहाने दंपती के घर गया था। पहले उसने भूखन को खाट पर लिटाया और रुक्मणी को गर्म पानी लाने भेजा। इसके बाद उसने चाकू से भूखन पर हमला कर दिया और फिर रुक्मणी पर भी वार कर उसे मार डाला।

हत्या के बाद आरोपी अपने गांव कोड़ापारा (धमतरी) गया और खून से सने कपड़े, जूते और चाकू को एक नाले में फेंक दिया। लोकेशन बदलने से पुलिस को शक हुआ और जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बताया गया कि मृतक दंपती खेती-किसानी करते थे। उनका एक बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा रायपुर में रहता है जबकि दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।

फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।