Home Chhattisgarh news 9 साल बाद छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की होगी घोषणा: खेल दिवस से पहले 60 खिलाड़ियों की पहली सूची जारी होगी

9 साल बाद छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की होगी घोषणा: खेल दिवस से पहले 60 खिलाड़ियों की पहली सूची जारी होगी

0
9 साल बाद छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की होगी घोषणा: खेल दिवस से पहले 60 खिलाड़ियों की पहली सूची जारी होगी

छत्तीसगढ़ में पिछले 9 वर्षों से उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किए जाने की मांग कर रहे प्रदेश के नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को अब राहत मिलने जा रही है। राज्य सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए निर्णय लिया है कि आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस से एक सप्ताह पूर्व 60 खिलाड़ियों की पहली सूची जारी की जाएगी।

पहली सूची में 60 नाम, आगे और भी खिलाड़ियों को मिलेगा स्थान

खेल मंत्री टंक राम वर्मा ने खेल विभाग के अधिकारियों को सूची तैयार करने के निर्देश दे दिए हैं। पहली सूची में शामिल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर सम्मानित किया जाएगा और उन्हें प्रमाण पत्र सौंपे जाएंगे। इसके बाद अन्य योग्य खिलाड़ियों की भी जांच कर सूचीबद्ध किया जाएगा।

नौ वर्षों से कर रहे थे संघर्ष

प्रदेश के अनेक खिलाड़ी पिछले 9 वर्षों से उत्कृष्ट खिलाड़ी की मान्यता की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कई बार सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया, खेल विभाग के बाहर धरना दिया और पैदल मार्च निकाला। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री, खेल मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपा था। अब जाकर उनकी यह मांग पूरी हो रही है।

सरकारी नौकरी का रास्ता होगा साफ, 2% पद आरक्षित

उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित होने के बाद इन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी पाने का अधिकार मिलेगा। राज्य के सभी सरकारी विभागों में 2 प्रतिशत पद उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। लंबे समय से मान्यता नहीं मिलने के कारण खिलाड़ी इन पदों पर नौकरी के पात्र नहीं माने जा रहे थे।

2015 तक 100 से अधिक खिलाड़ियों को मिली थी मान्यता

गौरतलब है कि वर्ष 2015 तक राज्य सरकार ने 100 से अधिक खिलाड़ियों को उत्कृष्ट घोषित किया था, जिनमें से कई वर्तमान में सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं।

783 में से 250 आवेदन ही पाए गए योग्य

वर्ष 2018-19 और 2019-20 में खेल विभाग को कुल 783 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनकी जांच में यह पाया गया कि कुछ खिलाड़ियों ने दो या तीन बार आवेदन किया था। जांच और छंटनी के बाद 650 वैध आवेदन पाए गए, जिनमें से करीब 250 खिलाड़ी पुराने नियमों के अनुसार उत्कृष्ट खिलाड़ी की श्रेणी में योग्य पाए गए। वहीं, 450 आवेदन अपात्र कर दिए गए।

राज्य सरकार के इस निर्णय से लंबे समय से इंतजार कर रहे खिलाड़ियों को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी मेहनत व संघर्ष को मान्यता मिलेगी।