छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मामूली पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला ने आत्महत्या कर ली। घटना रायगढ़ शहर के कोतरा रोड स्थित अटल विहार कॉलोनी की है, जहां रहने वाली 30 वर्षीय ममता साहू का शव उनके घर के पंखे से चुनरी के सहारे लटका मिला। यह घटना 21 जुलाई की सुबह की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ममता साहू अपने पति सतीश साहू और ढाई साल के बेटे के साथ कॉलोनी के एस ब्लॉक के फ्लैट नंबर 201 में रहती थीं। सतीश साहू बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जरोंधा का मूल निवासी है और फिलहाल रायगढ़ में एक निजी कंपनी (कैट JCB) में कार्यरत है।
बताया जा रहा है कि रविवार सुबह सतीश ने ममता से नाश्ता बनाने के लिए कहा और थोड़ी देर के लिए दूसरे कमरे में चला गया। जब वह वापस आया तो नाश्ता तैयार नहीं था, इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के कुछ समय बाद ममता ने आत्महत्या कर ली। सतीश ने जब पत्नी को पंखे से लटका देखा तो उसने तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसने कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
फिलहाल पुलिस पति सतीश साहू से पूछताछ कर रही है और परिवार के अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है। वहीं, महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।