बिलासपुर में दो छात्राओं के साथ धोखाधड़ी और अश्लील व्यवहार का मामला सामने आया है। खुद को मोटिवेशनल स्पीकर और फाइनेंशियल एडवाइजर बताने वाले एक युवक ने पहले छात्राओं को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर फंसाया, फिर पैसों की मांग करने पर शारीरिक शोषण की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सेमिनार के बहाने झांसा, फिर व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर संपर्क
सरकंडा थाना पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला कृषि महाविद्यालय बिलासपुर से जुड़ा है। जनवरी 2025 में एक सेमिनार के दौरान छात्राओं की मुलाकात साहिल गांधी (उम्र 37) नामक युवक से हुई, जो हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है और फिलहाल बिलासपुर के विनोबा नगर, इंदिरा कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।
साहिल ने खुद को एक मोटिवेशनल स्पीकर और ईशान तिवारी के फर्म में फाइनेंशियल एडवाइजर बताकर छात्राओं से संपर्क किया। उसने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर छात्राओं से निवेश के नाम पर पैसे जुटाए और एमआई लाइफस्टाइल नामक कंपनी में निवेश करने को कहा।
पैसे मांगे तो होटल बुलाया, शोषण का दबाव
एक छात्रा ने बताया कि उसने 18 हजार रुपए निवेश किए थे, लेकिन कोई लाभ नहीं मिला। जब उसने पैसे वापस मांगे तो साहिल ने उसे होटल में मिलने बुलाया और कहा कि अगर वह शारीरिक संबंध बनाएगी, तभी उसे पैसे मिलेंगे। छात्रा डर के मारे वहां से लौट आई।
दूसरी छात्रा से भी ठगी और अश्लील बातें
जब पीड़िता ने ये बात अपनी एक सहपाठी को बताई तो उसने भी बताया कि साहिल ने उससे 5 हजार रुपए निवेश कराए थे। जब उसने पैसे मांगे, तो आरोपी ने अश्लील बातचीत शुरू कर दी। इसके बाद दोनों छात्राओं ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी को किया गया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने साहिल गांधी को गिरफ्तार कर लिया है। वह पहले भी कई लोगों को इसी तरह फांस चुका है। पुलिस ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसकी पत्नी ने भी उसके खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत की है।
पत्नी से भी करता था मारपीट
साहिल की पत्नी उसके बर्ताव से इतनी परेशान है कि वह अब अपने माता-पिता के साथ अलग रह रही है। आरोपी जब-तब अपने ससुराल पहुंचकर मारपीट करता था, जिसको लेकर सिविल लाइन थाने में भी मामला दर्ज है।
पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि और भी लड़कियां उसकी ठगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार हो सकती हैं।