छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कार की टक्कर के बाद छह से ज्यादा लोगों ने मिलकर एक परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें महिलाएं और बुजुर्ग शामिल थे। मारपीट में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना तमनार थाना क्षेत्र के डोलेसरा गांव के पास हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लिबरा निवासी कुमारी सिदार (56) अपने परिवार के साथ प्रयागराज से लौट रही थीं। वे अपने ससुर की अस्थि विसर्जन यात्रा से वापस लौट रहे थे। उनके साथ रतन कुंवर, बूंद कुंवर, पूनी बाई, नेहरू सिदार, नारद सिदार और वाहन चालक मिनकेतन सिदार भी थे।

सामने से आ रही कार ने मारी टक्कर
रविवार की सुबह जब उनका वाहन डोलेसरा के पास पहुंचा, तो सामने से आ रही एक कार ने लापरवाही से उनकी अर्टिगा को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोपी प्रकाश पटनायक गाड़ी से उतरकर ड्राइवर मिनकेतन सिदार से गाली-गलौज करने लगा और हाथापाई शुरू कर दी।
जब साथ मौजूद महिलाएं बीच-बचाव करने उतरीं, तो प्रकाश ने फोन करके अपने साथी वरुण सिदार समेत अन्य लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे लोगों ने डंडे, चप्पलों और लात-घूंसों से महिलाओं और बुजुर्गों पर हमला कर दिया।
महिलाओं और बुजुर्गों को गंभीर चोटें
हमले में कुमारी सिदार की कलाई टूट गई, रतन कुंवर और बूंद कुंवर को हाथ में, पूनी बाई को आंख में, नेहरू सिदार को कनपटी पर और नारद व मिनकेतन को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना के बाद सभी घायल तमनार थाने पहुंचे, जहां कुमारी सिदार की शिकायत पर पुलिस ने प्रकाश पटनायक और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।