छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 16 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक ही परिवार के चाचा और उसके तीन भतीजों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। यह घटना शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा इलाके में हुई।
घटना के बाद घायल नाबालिग को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल के फर्श पर लहूलुहान हालत में तड़पते नाबालिग का वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग उसे उठाने की कोशिश कर रहे हैं। उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन कुछ ही देर में डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।

झगड़े की शुरुआत सुलभ शौचालय से हुई धक्कामुक्की से
पुलिस के अनुसार, विवाद की जड़ सुलभ शौचालय में हुई मामूली धक्का-मुक्की थी। आरोपियों का चाचा छोटू भास्कर वहां मौजूद था और इसी विवाद को लेकर उनके परिवार ने सुमित बांधे नाम के किशोर को घेर लिया। सूरज भास्कर और उसके दो नाबालिग भाइयों ने चाकू से उस पर हमला कर दिया।

घर से निकला और जान गंवा बैठा
मृतक के भाई विजय बांधे का कहना है कि सुमित का किसी से कोई विवाद नहीं था। वह तो बस घर से निकला ही था कि उस पर हमला कर दिया गया। घटना के फौरन बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

आरोपी गिरफ्तार, चाचा अभी भी फरार
सिविल लाइन थाना प्रभारी एस.आर. साहू ने बताया कि हत्या में शामिल तीन भाइयों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें से दो नाबालिग हैं। मुख्य आरोपी सूरज भास्कर को भी पकड़ लिया गया है। हालांकि, उनका चाचा छोटू भास्कर अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घर में लगाई आग
हत्या की खबर फैलते ही गुस्से से भरे परिजन आरोपियों के घर पहुंच गए और उन्होंने मकान में आग लगा दी। समय रहते फायर ब्रिगेड को बुलाया गया और आग पर काबू पाया गया।
पुलिस ने घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अब मृतक के परिवार के खिलाफ आगजनी का मामला भी दर्ज कर लिया गया है।